लेबर कोड कानून के खिलाफ मजदूरों ने दिखाई एकजुटता, 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे निर्माण व असंगठित मजदूर

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
मजदूर विरोधी चार लेबर कोड कानूनों के खिलाफ ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (ऐक्टू) का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन एवं असंगठित कामगार महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में नाथनगर प्रखंड की कई पंचायतों में मजदूरों के बीच अभियान चलाया गया।
स्थानीय सिमरिया के तमौनी मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में निर्माण एवं अन्य असंगठित क्षेत्र के मजदूरों ने लेबर कोड कानूनों के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की और 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे ऐक्टू के संयुक्त जिला सचिव राजेश कुमार ने बड़ी संख्या में उपस्थित मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से मेहनतकश वर्ग पहले ही बुरी तरह त्रस्त है। ऐसे समय में सरकार लेबर कोड लागू कर मजदूरों की न्यूनतम सामाजिक सुरक्षा को भी समाप्त करने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के संगठित होने के अधिकार पर लगातार हमले किए जा रहे हैं और बिना किसी ठोस कारण के मजदूर संगठनों का निबंधन रद्द किया जा रहा है।
राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि मनरेगा का नाम बदलने के साथ-साथ काम की गारंटी का अधिकार भी छीना जा रहा है। सरकार की यह एकतरफा और मजदूर विरोधी नीतियां उकसावेपूर्ण हैं, जिनका पुरजोर जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि लेबर कार्यालयों में मजदूरों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। निबंधन और नवीकरण की प्रक्रिया में बार-बार नियम बदलकर मजदूरों को परेशान किया जा रहा है। ऐप अपडेट के नाम पर मजदूरों के अधिकार छीने जा रहे हैं और उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित किया जा रहा है। निचले स्तर के अधिकारियों को निबंधन प्रक्रिया में शामिल किए जाने से भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है। मजदूरों को बाजार और सीएससी केंद्रों के भरोसे छोड़ दिया गया है, जहां उनसे मनमानी वसूली की जा रही है। इससे मजदूरों में भारी आक्रोश है, लेकिन सरकार और उच्च अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।
कार्यक्रम में बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन की ओर से अंकिता राज, मनोज दास, उदय दास, छंगुरी यादव, ललन यादव, ठाकुर दास, चांदनी देवी, चंदा देवी, कौशल्या देवी, रोहित पंडित, कलावती देवी, आशा देवी, रीता देवी, गोपाल दास सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं असंगठित कामगार महासंघ की ओर से मिथुन यादव, मुन्नी देवी, सुभाष यादव, पंकज यादव, गणेश यादव, बदरी दास, वीरेंद्र यादव, रंजो देवी, रुबी देवी, अरविंद यादव, अजीत चौधरी, जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मजदूरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में मजदूरों ने दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर शहादत दिवस के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।