न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक छोटी सी चिंगारी ने पल भर में 41 परिवारों की जिंदगी तबाह कर दी। सरायगढ़ अंचल के शाहपुर गांव में रविवार की रात घूरा अलाव से उठी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे टोले को अपनी चपेट में ले लिया।आधी रात अचानक लगी आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर खुले आसमान के नीचे शरण लेने को मजबूर हो गए। इस हादसे में 41 परिवारों के कच्चे घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आकर अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी और जरूरी कागजात भी नष्ट हो गए। हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों के पास पहनने तक के कपड़े नहीं बचे हैं।घटना की सूचना मिलते ही सुबह प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अंचलाधिकारी के नेतृत्व में अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया और प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि सभी प्रभावितों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम और आपात संसाधन मौजूद होते, तो शायद इतना बड़ा नुकसान टल सकता था। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।फिलहाल पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, वहीं प्रशासन से शीघ्र और प्रभावी सहायता की उम्मीद लगाई जा रही है।

































