भागलपुर में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया

  • पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने फहराया पार्टी का झंडा, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस शुक्रवार को भागलपुर में समारोहपूर्वक मनाया गया। यह कार्यक्रम भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस के कैंप कार्यालय में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कांग्रेस का झंडा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि आज से ठीक 140 वर्ष पूर्व 28 दिसंबर 1885 को मुंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत महाविद्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेस ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को आज़ादी दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और सेवा का रहा है। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जिसके झंडे के नीचे आज़ादी की लड़ाई लड़ी गई और देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्ति मिली। इसी विचारधारा के तहत धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और सामाजिक न्याय पर आधारित भारतीय संविधान का निर्माण हुआ, जिसने देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया।
पूर्व विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में जब देश की धर्मनिरपेक्षता, एकता और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेंगे।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ. अभय आनंद, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सईद अंसारी, विपिन बिहारी यादव, पवन पारिक, अभिषेक चौबे, रविंद्रनाथ यादव, सौरभ पारिक, नजहत अंसारी, जाबिर अंसारी, शिवशंकर सिन्हा, शंकर सिंह अशोक, असलम नियाज़ी, सीताराम वर्मा, मो. फिरोज, मो. डल्लू मलिक, मो. महताब, आरती सिंह, विवेक जैन, बंटी दास, बाबर अंसारी, सादिक हुसैन, ईo रवि कुमार, जुम्मन अंसारी, मो. अशफाक, उसा रानी, अरविंद कुमार झा, प्रदीप कुमार, खुशबू कुमारी, सबा, कुलसुम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।