एक करोड़ 25 लाख के लेनदेन में युवक की हत्या, सरसों के खेत से मिला शव, दो आरोपी गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

जिले से एक सनसनीखेज आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक करोड़ 25 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शिवम पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल आरोपी युवक मयंक राज बिशु और उसके पिता विनय सिंहा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवम पटेल से ठेकेदारी के नाम पर एक करोड़ 25 लाख रुपये लिए गए थे। आरोप है कि उक्त राशि वापस नहीं की गई, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते 25 दिसंबर को शिवम पटेल और आरोपी मयंक राज बिशु के बीच इसी लेनदेन को लेकर तीखी नोंकझोंक हुई थी। इसके बाद शिवम घर से निकला, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
जब अगले दिन सुबह तक शिवम घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने मयंक राज बिशु पर संदेह जताते हुए उसके खिलाफ गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों का आरोप था कि शिवम के लापता होने के पीछे मयंक की भूमिका है।
सोमवार दोपहर शिवम के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाशी अभियान तेज किया। खोजबीन के दौरान भभुआ हवाई अड्डा के उत्तर बधार क्षेत्र में एक सरसों के खेत से शिवम पटेल का शव बरामद किया गया।
शव मिलने की सूचना पर आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पटेल चौक पर शव रखकर काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने और मांगें माने जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला, भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती, मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
इस संबंध में भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि मृतक के परिजनों ने एक करोड़ 25 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर गुमशुदगी का आवेदन दिया था। जांच के दौरान दोपहर में शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों और घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी मयंक राज बिशु और उसके पिता विनय सिंहा को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।