न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, कैमूर
जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिनौरा गांव में साइकिल चोरी के विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला, मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार तथा मोहनिया थाना की पुलिस टीम दल-बल के साथ अहिनौरा गांव पहुंची और पूरे गांव की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
इस संबंध में मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि अहिनौरा गांव निवासी वशिष्ठ राम की साइकिल चोरी हो गई थी। चोरी के शक के आधार पर गांव के ही मखबूल मियां के पुत्र रौशन पर आरोप लगाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।
हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।
घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। साथ ही, लगातार गश्ती वाहन भी चलाए जा रहे हैं ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद न हो और गांव में शांति बनी रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
































