न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयरामपुर गांव में आपसी विवाद में हुई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते 8 अक्टूबर की रात उदयरामपुर गांव निवासी समर राजभर अपनी भैंस की तलाश में घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह गांव के नाले में उनका गर्दन कटा शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद मृतक के पिता रामविलास राजभर ने चैनपुर थाने में गांव के ही तीन लोगों—सेवा राजभर, जयनाथ राजभर और धर्मू राजभर—के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का कारण आपसी विवाद था। भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि आरोपी द्वारा मृतक की पुत्री को मोबाइल फोन दिया गया था, जिसका समर राजभर ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और तीनों आरोपियों ने मिलकर समर राजभर की हत्या कर दी। हत्या के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
बीती रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस हत्याकांड में शामिल आरोपी सेवा राजभर इलाके में आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भभुआ अनुमंडल के टॉप टेन अपराधियों की सूची में भी शामिल है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

































