न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के आदेश पर मां वन दुर्गा मंदिर न्यास समिति के तत्वावधान में सुपौल सदर प्रखंड के लोरिक धाम हरदी दुर्गास्थान स्थित मां वन दुर्गा मंदिर परिसर में गुरुवार को भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती समारोह को प्रखरता दिवस के रूप में मनायी गई। इस मौके पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजली दी गई। समारोह की संचालन करते हुए न्यास समिति सचिव डॉ. अमन कुमार ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के शिखर पुरूष थे। वे देश को मंदिर मानते थे, स्वयं को पुजारी मानते थे। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व देश के चहुमुखी विकास के लिए पथ प्रदर्शक बना रहेगा। वे प्रखर वक्ता होने के साथ-साथ ओजस्वी कवि के रूप में भी सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया। डॉ. कुमार ने कहा कि अटल जी का आचरण, शालीनता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। इसीलिए उनके जन्मदिन को सुशासन दिवस एवं प्रखरता दिवस के रूप में संपूर्ण भारतवर्ष में मनाया जाता है। अटल जी का व्यक्तित्व सचमुच अटल था। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष हृदय नारायण मुखिया, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव, भगवान दत्त यादव, जीवनेश्वर पाठक, मुख्य संत नरेश जी महाराज, पुलिस शिविर प्रभारी अनिल कुमार,छुतहरू दास, सियाराम दास, भूपेंद्र दास,रामप्रसाद यादव, सचिंद्र दास, शशि भूषण मंडल, लोरिक विचार मंच के प्रदेश कोषाध्यक्ष शंभू कुमार यादव, गोपाल क्रांति,नरेश यादव, गणेश यादव, राधेश्याम दास, सत्यनारायण मंडल,उपेन्द्र मेहता,राजू कुमार,विवेक कुमार आदि उपस्थित थे।

































