न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के पिपरा प्रखंड के बसहा गांव स्थित डायट सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे हेडमास्टर की सड़क दुर्घटना में बुधवार को मौत हो गई है। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया है
यह घटना पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही में बुधवार को एनएच 327 ई पर घटी है। बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के अमहा निवासी राजा राम प्रसाद गांव के ही बौकू मध्य विद्यालय में प्रधान शिक्षक के पद पर पदस्थापित थे। बताया गया कि राजा राम प्रसाद विभागीय प्रशिक्षण के तहत बसहा में अवस्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) केंद्र में 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण ले रहे थे। 22 तारीख से ट्रेनिंग चल रहा था। इस बीच देर रात किसी आवश्यक कार्य से राजा राम प्रसाद रात को करीब साढ़े आठ बजे बाईक से अपने घर आ रहे थे। जहां लिटियाही के समीप उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया गया कि दुर्घटना के बाद किसी ने पुलिस को फोन किया जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस सड़क किनारे गंभीर स्थिति में पड़े राजा राम प्रसाद को आनन फ़ानन में सदर अस्पताल लेकर गया। जहां डॉक्टर ने राजा राम प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज घटना की जांच में जुट गई है।
जानकारी मिली है कि मृतक राजा राम प्रसाद जनवरी 2027 में सेवा निवृत होने वाले थे।
घटना की बाबत डायट सेंटर के प्रभारी मो अखलाक ने बताया कि उन्हें इस घटना का कोई ज्ञान नहीं है, कहा की सेंटर में बायोमेट्रिक अटेंडेंस बनता है जांच के उपरांत ही पता चल पायेगा। घटना के संबंध में थाना अध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है शव को क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम में भेज आगे की प्रकिया शुरू कर दी गई है l
































