न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले में नव वर्ष के मद्देनज़र अवैध शराब के खिलाफ एक्साइज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एनएच-19 पर सघन वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक कार के सीएनजी टैंक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब तथा एक ऑटो से देसी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में कुल तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार शराब तस्कर कार के सीएनजी टैंक में गैस की जगह अंग्रेजी शराब छिपाकर उत्तर प्रदेश से बिहार में खपाने की कोशिश कर रहे थे। जांच के दौरान शक होने पर जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो सीएनजी टैंक से शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। कार में सवार दोनों तस्करों की पहचान पटना के रामकृष्ण नगर और मीठापुर निवासी के रूप में की गई है। वहीं, एक ऑटो चालक को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
इस संबंध में उत्पाद विभाग के पदाधिकारी गुंजेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गौतम कुमार के नेतृत्व में नव वर्ष को देखते हुए एनएच-19 पर अवैध शराब के खिलाफ विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार के सीएनजी टैंक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद एक ऑटो को रोककर जांच की गई, जिसमें देसी शराब पाई गई।
उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों से बरामद अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। शराब की सटीक मात्रा का आकलन किया जा रहा है। उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के साथ दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार तीनों तस्करों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि नव वर्ष के दौरान अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
































