न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बरारी थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारियों पर अवैध वसूली, मारपीट और गर्भवती महिला से दुर्व्यवहार का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पीड़ित अधिवक्ता ने बरारी थानाध्यक्ष पर FIR दर्ज नहीं करने का भी आरोप लगाते हुए पूर्वी क्षेत्र, भागलपुर के पुलिस महानिरीक्षक को लिखित शिकायत दी है।
पीड़ित कृष्ण कुमार (अधिवक्ता), पिता योगेन्द्र प्रसाद यादव, निवासी बरारी पुरानी ढयोड़ी ने बताया कि 14 दिसंबर 2025 को उन्होंने बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का बिजली तार टूट गया है। इसके अगले दिन 15 दिसंबर को बिजली विभाग के दो कर्मी उनके घर पहुंचे और मीटर की जांच करने लगे। पूछताछ पर उन्होंने बताया कि मिस्त्री पीछे से आ रहा है।
कुछ ही देर बाद वहां छह अन्य लोग पहुंचे और खुद को बिजली विभाग की टीम बताते हुए “रेड” करने की बात कही। आरोप है कि इन लोगों ने रेड से बचाने के नाम पर ₹50,000 की मांग की। जब परिजनों ने कहा कि कोई गलत काम नहीं किया गया है, तो उन्होंने कथित रूप से जबरन एक अलग तार जोड़ने की कोशिश की।
पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर बिजली विभाग के कर्मियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान मिथिलेश कुमार, जेई ने मना करने पर पीड़ित की गर्भवती भाभी को धक्का दे दिया, जिससे वह सीढ़ी से गिर पड़ी और पेट में दर्द होने लगा। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई।
घटना को लेकर 17 दिसंबर 2025 को बरारी थाना में लिखित आवेदन दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि उनके सामने ही जेई मिथिलेश कुमार को थाना से कॉल किया गया, लेकिन वे आने से इनकार कर गए। इसके बाद कई दिनों तक थाना के चक्कर लगवाए गए।
पीड़ित का कहना है कि 21 दिसंबर 2025 को थानाध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि FIR दर्ज नहीं की जाएगी। जब आवेदन की रिसीविंग मांगी गई तो उस पर केवल “जांच” लिखकर दे दिया गया, जिससे FIR दर्ज न होने की पुष्टि होती है।
थाना से न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित अधिवक्ता ने वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर को ई-मेल व लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी क्षेत्र भागलपुर से हस्तक्षेप की मांग की है।
पीड़ित ने मांग की है कि बरारी थाना में दिए गए आवेदन पर तत्काल FIR दर्ज की जाए। बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। गर्भवती महिला के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
मामले ने पुलिस कार्यप्रणाली और बिजली विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बरारी थानेदार पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप, अधिवक्ता ने IG से की शिकायत

































