न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
जिले से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है। सेमापुर थाना क्षेत्र में इनकम टैक्स विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह तड़के बड़ी कार्रवाई की है। यह छापेमारी जिले के सबसे बड़े मक्का कारोबारी और इलाके की नामचीन हस्ती माने जाने वाले राजेश चौधरी के आवास सहित कई ठिकानों पर एक साथ की गई है।
जानकारी के मुताबिक, भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इनकम टैक्स की टीम राजेश चौधरी के सेमापुर स्थित आवास पर पहुंची और वहां तलाशी अभियान शुरू किया। सूत्रों का कहना है कि छापेमारी दल कारोबारी दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े कागजातों की बारीकी से छानबीन कर रहा है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके आवास के बाहर जुट गए और तरह-तरह की चर्चाओं का दौर तेज हो गया। बताया जाता है कि राजेश चौधरी का नाम जिले के सबसे बड़े मक्का व्यापारी के रूप में जाना जाता है।
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। वहीं, छापेमारी की खबर फैलते ही अन्य कारोबारियों में भी खलबली मच गई है।



























