न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा फहराकर राज्यवासियों को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय सेना के साहस और बलिदान को नमन किया और बिहार के लोगों के राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2005 से अब तक राज्य में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और कृषि जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि बिहार ने पिछले दो दशकों में मजबूत कदम आगे बढ़ाए हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 में सत्ता संभालने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना थी। उस समय पुलिस बल की संख्या 42,000 थी, जो अब बढ़कर 1,31,000 हो गई है। भर्ती प्रक्रिया जारी है और जल्द ही यह संख्या 2,29,000 तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में फिरौती, लूट और अपहरण जैसी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।