खगड़िया में निगरानी की छापेमारी: मद निषेध विभाग के डीएसपी के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई

खगड़िया, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार सुबह खगड़िया में बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मद निषेध विभाग के डीएसपी के आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, निगरानी विभाग को डीएसपी की चल-अचल संपत्तियों और आय के बीच भारी अंतर की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर विभाग ने पहले से योजना बनाकर सुबह-सुबह टीम को रवाना किया। फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

कार्रवाई की पुष्टि करते हुए निगरानी विभाग के एक वरीय अधिकारी ने बताया कि पटना मुख्यालय से आई विशेष टीम इस जांच को अंजाम दे रही है। डीएसपी के बैंक खातों, ज़मीन, गाड़ी और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी समीक्षा की जा रही है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि निगरानी टीम के पहुंचते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। डीएसपी के आवास को चारों ओर से घेरकर तलाशी ली जा रही है। साथ ही कुछ संदिग्ध दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।