घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया अमीन, एक लाख रुपये बरामद

किशनगंज, निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार को किशनगंज जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सदर प्रखंड के दौला पंचायत में पदस्थापित अमीन निरंजन कुमार को एक लाख रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। टीम ने यह गिरफ्तारी किशनगंज बस स्टैंड के पास से की। कार्रवाई की शुरुआत शिकायतकर्ता जमील अख्तर की शिकायत के बाद हुई। जमील ने बताया कि उनकी जमीन बांध निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी और मुआवजे की प्रक्रिया के दौरान अमीन ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। जमील के अनुसार, अमीन ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि “बिना चढ़ावा मुआवजा नहीं मिलेगा।”
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगरानी विभाग ने मामले में त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई। विभाग के अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया साक्ष्य पुष्ट पाए गए और तय रणनीति के तहत जाल बिछाया गया। गुरुवार को अमीन को रंगे हाथों एक लाख रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। अमीन को फिलहाल निगरानी विभाग की हिरासत में रखा गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की आगे की जांच भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है। हालांकि यह कोई पहला मामला नहीं है—पिछले कुछ वर्षों में भी जिले में घूसखोरी के कई मामले उजागर हो चुके हैं—मगर यह ताज़ा गिरफ्तारी सरकारी महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर चिंता खड़ी करती है।































