आपसी विवाद में युवक को गोली मारकर घायल, ऑपरेशन कर निकाली गई गोली

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के तुलापटी वार्ड 4 में आपसी विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल की पहचान शिवकुमार महतो (पिता– राम अवतार महतो) के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 102 एंबुलेंस को फोन कर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि घायल युवक का ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा किशनपुर थाना प्रभारी को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आपसी विवाद के कारण गोलीबारी की बात सामने आ रही है।