साहित्यकार अभय कुमार भारती को ‘कोशी मंच गौरव सम्मान’ मिला

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
अंगिका और हिंदी साहित्य के उभरते हुए युवा साहित्यकार अभय कुमार भारती को अखिल भारतीय सृजन मंच, खगड़िया द्वारा आयोजित चौथे अधिवेशन में कोशी मंच गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्यिक कार्यशाला में उनके सक्रिय और सार्थक योगदान के लिए प्रदान किया गया।
पिपरा (खगड़िया) में आयोजित इस भव्य साहित्यिक अधिवेशन में अभय कुमार भारती को सम्मान–पत्र एवं प्रशस्ति–चिह्न हिंदी समाहार मंच दरभंगा के सचिव अमिताभ कुमार सिन्हा, रोसड़ा (समस्तीपुर) से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार अवधेश्वर राय और साहित्यकार सच्चिदानंद पाठक के कर–कमलों द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के संस्थापक–संयोजक शिव कुमार सुमन ने की। मौके पर अध्यक्ष साधना भगत, महासचिव कविता परवाना, कोषाध्यक्ष संगीता चौरसिया, सचिव आनंद भूषण श्रीवास्तव, नंद किशोर सिंह सहित साहित्य जगत की कई प्रमुख हस्तियाँ मौजूद रहीं।
सुल्तानगंज (भागलपुर) से पहुँचे वरिष्ठ अंगिका कवि सुधीर कुमार प्रोग्रामर, ब्रह्मदेव सत्यम, शशि आनंद अलबेला, संजीव प्रियदर्शी, मनीष कुमार गूंज, सच्चिदानंद किरण, सुमन कुमार, स्मिता शिप्रा, रवि शंकर साह समेत पटना, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और हजारीबाग से आए दर्जनों रचनाकारों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान अभय कुमार भारती ने अपने भावपूर्ण काव्य–पाठ से उपस्थित श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।
सम्मान प्राप्त करने पर पारस कुंज, धीरज पंडित, नकुल प्रसाद निराला, संजय कुमार, भानु झा, संजय सुमन सहित अंग प्रदेश के अनेक साहित्यकारों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।