विश्व बाल दिवस पर मॉडल सदर अस्पताल में नवजात कन्याओं को दी गई बेबी किट

  • बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत हुआ कार्यक्रम

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
विश्व बाल दिवस 2025 के अवसर पर मंगलवार को महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मॉडल सदर अस्पताल, भागलपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 0 से 3 माह तक की नवजात कन्याओं को बेबी किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) एवं नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति श्रीमती अनुपमा कुमारी तथा सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने उपस्थित माताओं को बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और भविष्य निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। साथ ही उन्होंने विश्व बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए माताओं को कन्याओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों ने अपने-अपने परियोजनाओं में माताओं को फलों की टोकरी भेंट की। मॉडल सदर अस्पताल परिसर में भी उपस्थित माताओं को फलों की टोकरी दी गई।
इसके अतिरिक्त, सम्मानित नवजात कन्याओं के नाम पर पौधारोपण कर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम; जिला मिशन समन्वयक (DHEW); केंद्र प्रशासक (OSC); अस्पताल प्रबंधक; जिला मिशन समन्वयक तबरेज खान तथा जिला परियोजना प्रबंधक मणिशंकर मोना कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।