खेलो इंडिया के तहत भागलपुर में महिला बैटलफिटिंग प्रतियोगिता 14 दिसंबर को

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत अस्मिता बैटलफिटिंग लीग 2025–26 के तहत एक दिवसीय महिला बैटलफिटिंग प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 14 दिसंबर (रविवार) को किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन प्रातः 10 बजे से खेल भवन (सैंडिस कंपाउंड), भागलपुर में होगा।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं एवं युवतियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। आयोजन के माध्यम से भागलपुर सहित बिहार में महिला खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल की जा रही है।
आयोजन में क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति प्रस्तावित है। इनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी संबोधन से उभरती महिला खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा।
भागलपुर जिला बैटलफिटिंग संघ की ओर से समस्त खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को कवर करने एवं महिला खेल प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अनुरोध किया गया है।
संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार झा ने बताया कि यह प्रतियोगिता केवल खेल कौशल का प्रदर्शन भर नहीं होगी, बल्कि यह भागलपुर और बिहार में महिला खिलाड़ियों के भविष्य को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।