न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर पंचायत के वार्ड 7 में शुक्रवार रात एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कोशीला देवी के रूप में हुई है, जो अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की बहन ने बताया कि घटना से पहले कोशीला देवी ने फोन कर बताया था कि पति, ससुर समेत अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और फांसी लगाकर मारने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार सुबह जब परिजन उसके घर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए।
मायके पक्ष की ओर से पति मुकेश, सास ममता देवी, ननद अंजलि, रानी, मुन्ना और पारो देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है। परिजनों के अनुसार करीब एक माह पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसमें महिला को घर से निकाल दिया गया था। हालांकि बाद में पंचायत के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया था।
सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में गले पर निशान और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के संकेत मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।



























