झाड़-फूंक में गई महिला की जान, कैमूर में सर्पदंश के बाद परिजनों ने गंवाई बहुमूल्य घड़ी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले में एक बार फिर अंधविश्वास ने एक महिला की जान ले ली। चांद थाना क्षेत्र के बराढ़ी गांव में सर्पदंश के बाद परिजन महिला को अस्पताल ले जाने की बजाय गांव के एक ओझा के पास झाड़-फूंक कराने में घंटों लगे रहे। हालत बिगड़ने के बाद जब महिला को दुर्गावती पीएचसी लाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की है, जब पूनम देवी नामक महिला अपने घर में सो रही थी। तभी अचानक उसे सांप ने काट लिया। परिजनों ने आनन-फानन में ओझा के पास ले जाकर झाड़-फूंक शुरू करवाई। कई घंटों तक चले इस अंधविश्वास के चक्कर में महिला की स्थिति गंभीर होती गई। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के देवर ने बताया—“अगर समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद भाभी की जान बच सकती थी। उनकी एक बेटी और एक बेटा है, जबकि पति गजानन्द सिंह किसान हैं। हम जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि परिवार को मुआवजा दिया जाए।”