भागलपुर में अंधविश्वास और दबंगई का तांडव: डायन बताकर महिला से मारपीट, पति को ईंट से पीटा, उंगली तोड़ी, खून से लथपथ अस्पताल पहुंचा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर ( जगदीशपुर)

प्रखंड के सैनो गांव में अंधविश्वास और दबंगई की शर्मनाक घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। गांव का धर्मवीर यादव अचानक मंटू यादव के घर पहुंचा और उसकी पत्नी को डायन करार देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। धर्मवीर ने खुलेआम धमकी दी कि घर से निकालकर मार देंगे, ताकि इसका “जादू-टोना” हमेशा के लिए खत्म हो जाए।
पत्नी उस वक्त घर पर नहीं थी, तो धर्मवीर भड़क उठा और पास पड़ी ईंट से मंटू यादव पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर पर वार से मंटू लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। होश आने पर भी आरोपी नहीं रुका—उसने बेरहमी से मंटू की दाहिनी हाथ की उंगली तोड़ दी और आंख व पीठ पर जानलेवा चोटें पहुंचाईं।
इतना ही नहीं, जब बचाने के लिए बहु आगे आईं, तो धर्मवीर ने उसके साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की। घर का माहौल चीख-पुकार और खून से सन गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मंटू को तत्काल पीएचसी, फिर सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी धर्मवीर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होगा।