रोहतास जिला में महागठबंधन के बैनर तले आयोजित वोटर अधिकार यात्रा एतिहासिक रहा

  • बिहार प्रदेश कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष मदन झा ने बताया कि इस बार बिहार में एनडीए की हार तय है जबकि महागठबंधन की जीत जनता ने सुनिश्चित कर दी है

न्यूज स्कैन ब्यूरो, रोहतास

रोहतास जिले में महागठबंधन के बैनर तले रविवार को आयोजित वोटर अधिकार यात्रा ऐतिहासिक रही। जनसैलाब उमड़ पड़ा और महागठबंधन के शीर्ष नेता एक मंच पर जुटे।

कार्यक्रम की शुरुआत रोहतास के सुअरा हवाई अड्डा परिसर से हुई, जहां कांग्रेस, राजद और महागठबंधन के तमाम नेताओं ने जनता को संबोधित किया।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन झां ने कहा कि बिहार में एनडीए की हार तय है। जनता ने महागठबंधन की जीत सुनिश्चित कर दी है। उन्होंने कहा कि आम जनों का यह उत्साह संकेत देता है कि बिहार बदलाव के मूड में है और नया बिहार बनने जा रहा है।

वहीं, राजद अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव गुड्डू चंद्रवंशी ने दावा किया कि इस बार निश्चित तौर पर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।

राहुल गांधी का हमला

सभा में शामिल राहुल गांधी ने कहा कि बिहार की जनता विधानसभा चुनाव में वोट चोरी नहीं होने देगी। उन्होंने ऐलान किया कि जनता के हक और अधिकार की लड़ाई वह सड़क से लेकर संसद तक लड़ेंगे।

तेजस्वी यादव का संबोधन

महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अब बदलाव होना तय है। उन्होंने कहा कि जैसे लोग खैनी में चूना मिलाते हैं, उसी तरह जनता एनडीए को बिहार से उखाड़ फेंकेगी।

लालू प्रसाद का अंदाज़

बीमार हालत के बावजूद मंच पर पहुंचे लालू प्रसाद यादव ने जनसभा में जोश भर दिया। उन्होंने अपने पुराने अंदाज़ में चर्चित नारा “लागल लागल झुलनिया में धक्का” पढ़ा। इस पर सभा तालियों और नारों से गूंज उठी।

यात्रा का रोडमैप

रोहतास से शुरू हुई यह वोटर अधिकार यात्रा 16 दिनों में 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और बिहार के 20 जिलों से गुजरेगी। इस दौरान जगह-जगह जनसभाएं और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

डेहरी में जनसैलाब

सभा के बाद महागठबंधन के नेता डेहरी पहुंचे। यहां राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का खुले वाहन पर फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान महिला और पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ी। नेताओं का उत्साह चरम पर दिखा और महागठबंधन समर्थकों ने “बदलाव” का नारा बुलंद किया।