न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर की राजनीति में गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के तहत राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का आगमन हुआ। यात्रा के दौरान आयोजित सभा में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरा माहौल जनसैलाब में तब्दील हो गया।
सभा स्थल पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा अब केवल जल अधिकार आंदोलन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के हक और अधिकार की लड़ाई बन चुकी है। नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने जनता से उनके मूल अधिकार छीन लिए हैं और अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है।
महिला का बयान बना चर्चा का विषय
सभा स्थल पर एक महिला का बयान पूरे कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया। मीडिया से बातचीत के दौरान महिला ने कहा –“मैं यहां राहुल गांधी को नहीं, बल्कि राजीव गांधी को देखने आई हूं।”
महिला की इस भावनात्मक प्रतिक्रिया ने सभी को चौंका दिया और यह चर्चा का विषय बन गया। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह बयान जनता के मन में अब भी राजीव गांधी की छवि और उनके कार्यों की गहरी छाप को दर्शाता है।
सभा में नेताओं के तेवर
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राजद नेताओं ने कहा कि बिहार की जनता अब अन्याय और शोषण से आजिज आ चुकी है। जनता की आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है, लेकिन यह यात्रा साबित करेगी कि अब हर नागरिक अपने अधिकार के लिए सड़कों पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि “माय बहन योजना” समेत कई योजनाएं तभी सफल होंगी जब कांग्रेस और इंडिया गठबंधन सत्ता में आएगा।
राजनीतिक मायने
सभा में उमड़े जनसैलाब ने विपक्षी नेताओं को उत्साहित किया। भीड़ के उत्साह और जनता की भागीदारी ने यह संकेत दिया कि यह यात्रा बिहार की राजनीति में बड़ा असर छोड़ सकती है।
वहीं, महिला का “राजीव गांधी” वाला बयान यह दर्शाता है कि आज भी जनता कांग्रेस को भावनाओं और उम्मीदों से जोड़कर देखती है।