जवाहर नवोदय विद्यालय चौरसिया में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

कैमूर जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय, चौरसिया में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) की महत्वपूर्ण बैठक जिला पदाधिकारी, कैमूर नितिन कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत संरचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में समिति के अध्यक्ष के रूप में जिला पदाधिकारी कैमूर, मेंबर सेक्रेटरी के रूप में विद्यालय के प्राचार्य, सदस्य के रूप में मेडिकल ऑफिसर कैमूर, चूरामन +2 उच्च विद्यालय के प्राचार्य, दो अभिभावक प्रतिनिधि तथा विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक भवन, छात्रावास एवं भोजनालय का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए, साथ ही परिसर में जैविक खाद इकाई (ऑर्गेनिक कंपोस्ट यूनिट) की स्थापना के निर्देश भी दिए।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने छात्रों को गुरुकुल परंपरा, छात्र–शिक्षक के मजबूत संबंध, अनुशासन, समर्पण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन्हीं मूल्यों के माध्यम से एक सशक्त और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।
विद्यालय की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए प्राचार्य की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। विशेष रूप से माइग्रेशन कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं द्वारा असम की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।
जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय चौरसिया शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और यह जिले के लिए गर्व का विषय है।
स्वागत भाषण में विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यालय की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में विद्यालय को शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।