न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम सामने आ गया है। कड़े मुकाबले और असमंजस की स्थिति के बाद लॉटरी के जरिए विपिन कुमार मंडल को जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इस चुनाव में पूर्व अध्यक्ष टुनटुन साह और विपिन कुमार मंडल के बीच सीधा मुकाबला था, जिसमें दोनों प्रत्याशियों को बराबर 15-15 मत प्राप्त हुए।
मतों की बराबरी के बाद चुनाव प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकाली गई। लॉटरी में विपिन कुमार मंडल का नाम निकलते ही उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया, जबकि टुनटुन साह को निराशा हाथ लगी। लॉटरी के माध्यम से हुए इस फैसले ने जिले के राजनीतिक गलियारों में खासा कौतूहल और चर्चा पैदा कर दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले जिला परिषद अध्यक्ष रहे मिथुन कुमार के विधायक निर्वाचित होने के बाद 27 नवंबर को अपने पद से इस्तीफा देने के कारण यह पद रिक्त हो गया था। इसके बाद नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जो अंततः आज पूरी हुई।
विपिन कुमार मंडल के जिला परिषद अध्यक्ष बनने पर उनके समर्थकों में खुशी की लहर देखी गई। समर्थकों ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बराबरी के मत और लॉटरी से हुआ यह फैसला स्थानीय राजनीति में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।
15–15 मतों की बराबरी, लॉटरी से चमकी किस्मत: विपिन मंडल जिला परिषद के अध्यक्ष निर्वाचित हुए
































