- रास्ता विवाद को लेकर दो पड़ोसियों में जमकर मारपीट, चार घायल
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत मंसरपुर गांव में सोमवार को रास्ता विवाद को लेकर दो पड़ोसियों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
गंभीर रूप से घायल चुनचुन मंडल को इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भागलपुर में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में उनकी बेटी प्रीति कुमारी, बेटा सोनू कुमार, और दूसरे पक्ष से प्रमोद साह शामिल हैं।
विवाद का कारण: दरवाजा खोलने पर टकराव
चुनचुन मंडल ने बताया कि दरवाजा खोलने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि जब प्रमोद साह जबरन दरवाजा खोल रहा था, तो रोकने पर उसने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर दिया।
बचाने आए चुनचुन मंडल के बेटे और बेटी को भी बुरी तरह पीटा गया। इस दौरान चुनचुन मंडल के सिर में गंभीर चोट लगी और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
पहले भी हो चुका था विवाद
जख्मी चुनचुन मंडल ने बताया कि रास्ता विवाद को लेकर प्रमोद साह पिछले कई दिनों से झगड़ा कर रहा था। रविवार को भी गाली-गलौज हुई थी, लेकिन मामला शांत करा दिया गया था। सोमवार को फिर से विवाद बढ़ा और पूरे परिवार पर हमला कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।