न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के फतेहपुर आरामील के पास टोटो का हॉर्न बजाने और धक्का लगने को लेकर दो व्यक्तियों के बीच विवाद शुरू हुआ। मामूली झगड़ा जल्दी ही हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। विवाद के दौरान पथराव भी हुआ और इस झड़प में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तुरंत अस्पताल भेजकर इलाज कराया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, लेकिन प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय थाना एवं अंचल अधिकारी तुरंत घटनास्थल पहुंचे। सदर अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक नगर ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर लोगों को शांति का संदेश दिया और दोनों समुदायों के गनमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर स्थिति को स्थिर किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ छापेमारी और विधि सम्मत कार्रवाई जारी है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक नगर ने संयुक्त आदेश जारी कर बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की। पुलिस ने साफ किया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और इलाके में सामान्य माहौल बहाल है।