ग्रामीणों ने खुद चंदा और श्रमदान से बनाई 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क


न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, कटिहार

जहाँ सरकार “विकास की गंगा” बहाने के दावे करती है, वहीं कटिहार जिले के हसनगंज प्रखंड की कालसर पंचायत में ग्रामीणों को अपनी मेहनत और चंदे के बल पर सड़क बनानी पड़ी।

गांव महनौर से पूर्णिया पूर्व तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क पिछले कई दशकों से जर्जर हालत में थी। यह सड़क दो प्रखंडों और दो विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ती है। बावजूद इसके, वर्षों से सड़क मरम्मत के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, विधायकों और अधिकारियों से गुहार लगाने पर भी किसी ने सुध नहीं ली।

गांव के ग्रामीण – मो. मुस्लिम, अब्दुल हलीम, मोजीबुर रहमान और असगर अली ने बताया कि सड़क की दुर्दशा के कारण बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को बाजार और स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और खराब हो जाती थी।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की बेरुखी से तंग आकर ग्रामीणों ने “खुद पर भरोसा” किया। चंदा इकट्ठा कर, श्रमदान देकर और पूरी एकजुटता दिखाते हुए गांववालों ने मिलकर सड़क बनाने का बीड़ा उठाया और आज यह सड़क लोगों के मेहनत की मिसाल बन गई है।