न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
मानदेय में बढ़ोतरी, सेवा के स्थायीकरण और नियुक्ति में प्राथमिकता की मांग को लेकर ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों ने मंगलवार को सुपौल जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज चौक पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस धरना का नेतृत्व जिला अध्यक्ष बजरंग कुमार ने किया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से वे पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो समुचित मानदेय मिल रहा है और न ही सेवा सुरक्षा। धरना के दौरान मानदेय बढ़ाने, सेवा को स्थायी करने तथा चौकीदार की नियुक्ति में प्राथमिकता देने जैसी प्रमुख मांगों को जोरदार तरीके से उठाया गया।
धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बजरंग कुमार ने कहा कि फिलहाल यह एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना है। इसके बाद अपनी सभी मांगों से संबंधित एक मांग-पत्र जिला अधिकारी के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिससे यातायात व्यवस्था पर कोई खास असर नहीं पड़ा।

































