न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया
थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी 77वर्षीय जनसंघ कालीन भाजपा के वरिष्ठ नेता अवध किशोर सिंह का निधन बीमारी के कारण बीती रात को भागलपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही सोमवार की सुबह सैदपुर स्थित उनके पैतृक आवास पर भाजपा से जुडे नेताओं का भारी संख्या में जुटान हुआ। भाजपा नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा देकर सम्मानित किया।मिली जानकारी के अनुसार स्वर्गीय अवध किशोर सिंह भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे।
1980में जनता पार्टी में दोहरी सदस्यता से अलग होकर स्व अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में मुबंई में भाजपा की स्थापना के समय स्व सिंह मौजूद थे।अविभाजित भागलपुर जिले के महामंत्री ,दो बार बिहार भाजपा प्रदेश परिषद के सदस्य ,गोपालपुर मंडल भाजपा अध्यक्ष तीन बार व नवगछिया भाजपा जिला के कार्यकारी अध्यक्ष जैसे दायित्वों का स्व सिंह बखूबी निर्वहन किया। वे अपने पीछे भरा -पूरा परिवार छोड गये। ज्येष्ठ पुत्र साकेत बिहारी गोपालपुर प्रखंड के बीस सूत्री अध्यक्ष हैं तो पुत्रवधू प्रखंड प्रमुख हैं। दूसरा पुत्र जदयू के नेता निकेत बिहारी विधायक प्रतिनिधि हैं।

मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष रंजीत झा, भाजपा के वरिष्ठ नेता नितेन्द्र सिंह उर्फ गुलाब जी,निलेश सिंह,बासुकी मंडल सहित बडी संख्या में भाजपाइयों की मौजूदगी देखी गयी। विधायक नरेन्द्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल वअधिवक्ता मुकेश कुमार ने पुष्पांजलि अर्पित किया।गोसाईंगांव पंचायत के मुखिया अमित चौधरी उर्फ धप्पू दा व विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की मौजूद थे। अंतिम संस्कार तिनटंगा जहाज घाट पर किया गया।