भारत–नेपाल सीमा पर वाहन चेकिंग अभियान तेज, हर वाहन की जांच

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश
लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस के निर्देश पर भारत –नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत सीमा से सटे सभी प्रमुख और संपर्क मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। हर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम द्वारा दोपहिया, चार पहिया, मालवाहक वाहनों समेत बसों तक की गहन तलाशी ली जा रही है। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र के साथ-साथ संदिग्ध सामानों की भी सख्ती से जांच हो रही है। तस्करी, हथियारों की आवाजाही, मादक पदार्थों की तस्करी एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ को लेकर यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीमा क्षेत्र में अचानक बढ़ी पुलिस सक्रियता से अपराधियों में हड़कंप मचा गया है। आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। कई स्थानों पर पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए वाहनों की जांच की और जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से बिना घबराए जांच प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का मानना है कि आम जनता की सहभागिता से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
प्रशासनिक स्तर पर यह संदेश साफ है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।