बिहार चुनाव : जीतन राम मांझी का बड़ा दावा – “तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष भी नहीं रहेंगे”

गयाजी में प्रेस से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री और हम प्रमुख ने तेजस्वी पर पलटवार किया, कहा—जंगलराज की सोच से जनता अब आज़ाद हो चुकी है।

न्यूज स्कैन ब्यूरो, गयाजी
बिहार की सियासत में बयानबाज़ी का दौर तेज़ हो गया है। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला।
मांझी ने तेजस्वी के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनकी योजनाओं की नकल कर रहे हैं।

मांझी ने कहा – “तेजस्वी यादव बहुत सोचते हैं, लेकिन उनके पिता के शासनकाल (2005 से पहले) को पूरा बिहार जंगलराज के नाम से जानता है। जंगलराज के लोग ही इस तरह की ओछी बातें कर सकते हैं।”
उन्होंने दावा किया कि इस बार के विधानसभा चुनाव के बाद तेजस्वी विपक्ष के नेता की कुर्सी पर भी नहीं रह पाएंगे।

मांझी का पलटवार
मांझी ने विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए सवाल उठाया। कहा, “क्या लड़कियों को साइकिल और पोशाक देने की योजना तेजस्वी ने बनाई थी?”, “क्या होमगार्ड जवानों को 13 महीने का वेतन और पोशाक तेजस्वी ने दिलाया?” उन्होंने कहा कि बिहार में सभी बड़े कल्याणकारी कदम नीतीश कुमार की अगुवाई में उठाए गए हैं। वृद्धावस्था पेंशन को लेकर भी मांझी ने तेजस्वी के दावे को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि “इमामगंज की आमसभा में मैंने ही 1500 रुपये पेंशन की मांग उठाई थी, क्योंकि झारखंड में इतनी राशि दी जाती है।”

मांझी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज़ हो गई है।