चिराग पासवान का बड़ा दांव: खगड़िया सांसद राजेश वर्मा को सौंपी बंगाल और असम की कमान, संगठन में बढ़ा कद

न्यूज स्कैन ब्यूरो, नई दिल्ली
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगामी संगठनात्मक विस्तार और चुनावी तैयारियों को देखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। खगड़िया के लोकप्रिय सांसद और पार्टी के कद्दावर युवा नेता राजेश वर्मा को पश्चिम बंगाल और असम राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।
​चिराग के सबसे भरोसेमंद सिपहसालार
​राजेश वर्मा को चिराग पासवान के सबसे करीबी और भरोसेमंद साथियों में गिना जाता है। यह नई जिम्मेदारी इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को उनकी कार्यक्षमता और सांगठनिक कौशल पर अटूट विश्वास है। गौरतलब है कि कुछ ही समय पूर्व राजेश वर्मा को लोजपा (आर) का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें दो अहम राज्यों में चुनाव की कमान सौंपना उनके निरंतर बढ़ते राजनीतिक कद को दर्शाता है।
​राजेश वर्मा ने जताया आभार, दोहराया संकल्प
​अपनी इस नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद राजेश वर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने नेता चिराग पासवान का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा:
​”मुझे पश्चिम बंगाल एवं असम राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किए जाने हेतु मैं हमारे नेता, राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री आदरणीय चिराग पासवान जी का आभार व्यक्त करता हूँ। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि उनके मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक सशक्त करने तथा पार्टी के बेहतर प्रदर्शन को सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध रहूँगा।”


​बिहार से बाहर लोजपा (आर) की हुंकार
​चिराग पासवान के ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन के साथ-साथ अब पार्टी दूसरे राज्यों में भी अपने जनाधार को मजबूती से बढ़ाने की तैयारी में है। पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में संगठन को धार देने के लिए राजेश वर्मा जैसे ऊर्जावान नेता को चुनना एक सोची-समझी रणनीतिक चाल मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राजेश वर्मा न केवल कुशल रणनीतिकार हैं, बल्कि चिराग पासवान के हर मिशन को धरातल पर उतारने में ‘संकटमोचक’ की भूमिका निभाते हैं।
​खगड़िया के लिए गर्व का विषय
​राजेश वर्मा को मिली इस बड़ी जिम्मेदारी से उनके संसदीय क्षेत्र खगड़िया के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके सांसद न केवल क्षेत्र की समस्याओं के लिए दिल्ली में आवाज उठा रहे हैं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी और बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं।