न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिला मुख्यालय स्थित आर एस एम पब्लिक स्कूल के समीप स्थित रेलवे ढाला के पास मंगलवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह घटना रात के अंधेरे में हुई। जिसकी जानकारी सुबह स्थानीय लोगों को तब मिली, जब रेलवे ट्रैक के पास शव देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर सुपौल सदर थाना की पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, शव को पहचान के उद्देश्य से सदर अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। ताकि परिजन या परिचित व्यक्ति शव की शिनाख्त कर सकें। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक कौन था और घटना किन परिस्थितियों में हुई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो सदर थाना सुपौल या सदर अस्पताल में पहुंच दे।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


























