कॉलेज स्तरीय उमंग 2026 का दूसरा दिन हर्षोल्लास के साथ संपन्न

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित कॉलेज स्तरीय उमंग 2026 का दूसरा दिन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेलकूद एवं बौद्धिक गतिविधियों से भरपूर रहा।
उमंग के दूसरे दिन स्पोर्ट्स क्लब के द्वारा क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ प्राध्यापकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों की दमदार प्रस्तुति और दर्शकों के उत्साहपूर्ण समर्थन ने खेलों को रोमांचक बना दिया।
वहीं दूसरी ओर सांस्कृतिक क्लब के द्वारा पोस्टर मेकिंग एवं साहित्यिक क्लब द्वारा निबंध लेखन, कहानी लेखन, वाद-विवाद, समूह चर्चा (ग्रुप डिस्कशन) एवं एक्सटेंपोर जैसी बौद्धिक एवं मानसिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और बौद्धिक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा, सैक इंचार्ज आनंद प्रकाश, अर्जुन कुमार महतो, मोहम्मद वारिस सेनान, मोहर पाठक, जय कुमार, डॉ. चंद्रशेखर कुमार सहित सभी प्राध्यापकगण एवं विभिन्न क्लबों के सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।
उमंग 2026 का यह दूसरा दिन छात्रों के लिए न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और टीम भावना को भी सशक्त करने में सहायक सिद्ध हुआ।