रोहतास में दिनदहाड़े दो युवकों को गोली मारी — चुनावी माहौल में बढ़ा अपराध

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सासाराम (रोहतास)
बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। प्रशासन के सख्त दावों के बीच लगातार गोलीबारी और हिंसा की घटनाएँ सामने आ रही हैं। शनिवार को रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दो युवकों को गोली मार दी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
आपसी रंजिश में चली गोली
जानकारी के मुताबिक, भवाडीह गांव के रहने वाले प्रियांशु पाठक और हिमांशु सासाराम के कंपनी सराय में किराए के मकान में रहते थे। शनिवार को दोनों किसी काम से कुम्हऊ से लौट रहे थे कि तभी फजलगंज के तीन युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और गोली चला दी। दोनों के हाथ में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, गोली चलाने वाले तीनों युवक फजलगंज इलाके के रहने वाले हैं और दबंग प्रवृत्ति के हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
“फ़जलगंज के तीन दबंग युवकों ने गोली चलाई। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि तुरंत कार्रवाई हो।”
— सौरभ तिवारी, घायल युवक
पुलिस की कार्रवाई शुरू
सूचना मिलते ही सासाराम के एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों घायल युवकों के हाथ में गोली लगी है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और छापेमारी जारी है।
“दो गुटों के बीच फायरिंग की घटना हुई है। दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए रेफर किया गया है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।”
— दिलीप कुमार, एसडीपीओ-1, सासाराम

लगातार बढ़ रहे अपराध के मामले
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही शिवसागर इलाके में पैसे के लेन-देन को लेकर एक रेस्टोरेंट के वेटर को गोली मार दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया था। रोहतास जिले में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से यह साफ है कि चुनाव पूर्व कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।