न्यूज स्कैन ब्यूरो, मुंगेर
बरियारपुर थाना क्षेत्र के फुलकिया कल्याणपुर एनएच मार्ग पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे कुमारपुर से सुल्तानगंज की ओर जा रहे तीन छात्र—18 वर्षीय सोनू कुमार (पिता टुनटुन सहनी), 17 वर्षीय आनंद कुमार (पिता रंजीत सहनी) और 15 वर्षीय शुभम कुमार (पिता मनोज चौधरी)—एक ही बाइक (पैशन प्रो) पर सवार थे। रास्ते में फुलकिया कल्याणपुर के पास सड़क किनारे खड़ी बस से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बरियारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आनंद कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शुभम कुमार को बेहतर इलाज के लिए मुंगेर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सोनू कुमार को भी सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मुंगेर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों मृत छात्रों के घरों में कोहराम मच गया।
आनंद कुमार (17 वर्ष) – कुमारपुर में नाना महेंद्र सहनी के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह राम मनोहर लोहिया उच्च विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र था। माता बबीता देवी के तीन पुत्रों में वह सबसे बड़ा था।
शुभम कुमार (15 वर्ष) – कुमारपुर निवासी मनोज चौधरी का पुत्र था। उसकी मां सिंदो देवी के चार पुत्र और चार पुत्रियों में शुभम दूसरे नंबर का बेटा था।
गांव में दोनों छात्रों की मौत की खबर फैलते ही मातमी सन्नाटा छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

































