न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
अररिया टाउन हॉल में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पंचायत राज पदाधिकारी मनीष कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी विजय कुमार रजक, अनुमंडल पदाधिकारी रवि प्रकाश, सहायक कोषागार पदाधिकारी नुरुल हक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग दिलीप कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सान्याल कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन के बाद कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के स्वागत गीत से हुई।उपस्थि अधिकारियों ने विभिन्न समूह लोक गायन,यह समूह लोक नृत्य, कविता लेखन, कहानी लेखन, चित्रकला, वक्तृता तथा विज्ञान मेला में युवाओं को भाग लेने हेतु प्रेरित किया, ताकि प्रतिभाशाली युवाओं को मंच मिल सके।
कल्चरल ट्रैक के अंतर्गत समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य, कविता लेखन, कहानी लेखन, चित्रकला, वक्तृता का आयोजन किया गया। इसी प्रकार इनोवेशन ट्रैक के अंतर्गत विज्ञान मेला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार, पटना के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस दो दिवसीय उत्सव का समापन बुधवार को किया जायेगा तथा सभी सफल प्रतिभागियों के बीच पारितोषिक का वितरण कार्यक्रम होगा।
दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का हुआ शुभारम्भ

































