न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
मेरा युवा भारत किशनपुर प्रखंड की ओर से दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन कदमपुरा ईदगाह मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन किशनपुर प्रखंड के स्वयंसेवक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें ग्रामीण स्तर के छात्र-छात्राओं एवं स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी, दौड़, लंबी कूद एवं अन्य खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में कुल 9 टीमों ने भाग लिया, जिसमें सुपौल की टीम विजेता बनी, जबकि चैनसिंहपट्टी की टीम उपविजेता रही। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बालक वर्ग में आरएसएम सीनियर ने विजेता तथा आरएसएम जूनियर ने उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग में आरएसएम जूनियर विजेता एवं आरएसएम सीनियर उपविजेता रही।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कटहरा कदमपुरा पंचायत के मुखिया बालकृष्ण यादव ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को प्रेरणा मिलती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है। पंचायत स्तर से लेकर प्रखंड, जिला, राज्य और देश स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच ऐसे कार्यक्रम प्रदान करते हैं।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भवेश झा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं की खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। वहीं अभाविप उत्तर बिहार प्रांत के सह मंत्री शिवजी कुमार ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है और ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं जिन्हें पहले कभी खेलने का मौका नहीं मिला था।मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक विजय कुमार मंडल ने कहा कि संगठन के प्रयास से खिलाड़ियों को मंच दिया जा रहा है, ताकि वे प्रखंड से जिला, जिला से राज्य और राज्य से देश स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर समाजसेवी राजेश कुमार, राजपुर पंचायत के रामचंद्र पासवान, सरिता कुमारी, संजय कुमार, किशोर कुमार, मोहम्मद अतुल्लाह, विकास कुमार, देवन कुमार, अमन कुमार, राकेश दुर्गानंद सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।


































