न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में दो सगे भाइयों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह घटना पंडित दीनदयाल–गया रेलखंड पर भभुआ रोड रेलवे स्टेशन और मुठानी स्टेशन के बीच बरेज गांव के समीप डीएफसी रेलवे ट्रैक पर हुई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7 बजे घने कोहरे के कारण दोनों युवक ट्रेन को नहीं देख सके और उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव निवासी मदन साह के पुत्र 24 वर्षीय प्रिंस कुमार और 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनों भाई सुबह खेत देखने के लिए घर से निकले थे। गांव की आबादी रेलवे लाइन के एक तरफ है, जबकि खेती की जमीन दूसरी तरफ है। इसी कारण ग्रामीणों और किसानों का रोजाना रेलवे ट्रैक पार कर आना-जाना लगा रहता है। मंगलवार सुबह घना कोहरा होने के कारण दृश्यता कम थी, इसी दौरान दोनों भाई ट्रेन की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आरपीएफ और मोहनिया थाना पुलिस पहुंच गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी रेलवे ट्रैक के पास जमा हो गए।
मोहनिया पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं मौके पर पहुंचे आरपीएफ के जवान एस. के. पांडेय ने बताया कि सूचना मिली थी कि बरेज गांव के पास ट्रेन से कटकर दो लोगों की मौत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दोनों मृतक सगे भाई हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर अंडरपास या ओवरब्रिज बनाया जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को रेलवे लाइन पार करने में सुविधा हो और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।































