न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ वीरपुर
प्रखंड क्षेत्र के करजाइन थाना क्षेत्र के सतपोखरिया गांव के समीप एनएच 106 पर सोमवार की रात करीब 11:30 बजे अचानक एक पेड़ गिरने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।घायल की पहचान बसावनपट्टी वार्ड 4 निवासी 55 वर्षीय पवन मेहता के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पवन मेहता सिमराही से अपने घर बसावनपट्टी जा रहे थे। इसी दौरान सतपोखरिया के समीप उनकी बाइक के आगे अचानक पेड़ गिर गया। जब तक वे कुछ समझ पाते, उनकी बाइक विशाल पेड़ से टकरा गई और वे बुरी तरह जख्मी हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में राघोपुर रेफरल अस्पताल लाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गिरे हुए पेड़ को हटाया गया, ताकि रात के समय कोई और दुर्घटना न हो। पेड़ हटाने के बाद यातायात को बहाल कर दिया गया।
































