न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / राघोपुर
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। यह हादसा एनएच 106 पर खादी भंडार के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक की टेस्ट ड्राइव के दौरान एक साइकिल सवार को ठोकर लग गई, जिससे बाइक चालक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में बाइक सवार किशोर के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे जख्मी हालत में सड़क से उठाकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कुनौली थाना क्षेत्र के कमलपुर पंचायत के वार्ड संख्या 19 निवासी मनोज सुतिहार के 17 वर्षीय पुत्र संजय सुतिहार के रूप में की गई है। संजय तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार वह सिमराही बाजार स्थित करजाइन रोड के एक मोटरसाइकिल गैरेज में पिछले करीब एक वर्ष से काम कर रहा था और मोटरसाइकिल टेक्नीशियन का काम सिख रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संजय गैरेज से बाइक ठीक करने के बाद टेस्ट ड्राइव के लिए राघोपुर की ओर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान खादी भंडार के पास सामने चल रही एक साइकिल से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद वह बाइक से नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिर पड़ा। बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह दुर्घटनास्थल से लगभग 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही रेफरल अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर राघोपुर थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पीड़ित परिवार को समझाने-बुझाने में जुट गई। रेफरल अस्पताल में तैनात डॉक्टर अंजार अहमद ने बताया कि युवक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। जांच में स्पष्ट हुआ कि अत्यधिक गंभीर चोटें ही मौत का कारण बनीं।
इस बावत राघोपूर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्यवाई की जाएगी।































