मोहनियां में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टॉप-10 अपराधी में शामिल चंदन पासवान गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

कैमूर जिले के मोहनियां अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के एक मामले में फरार चल रहे मोहनियां अनुमंडल क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों में शामिल चंदन पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी मोहनियां वार्ड नंबर 12 का निवासी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहनियां सिटी जिम के पास हसबुन निशा के पुत्र हलीम गद्दी की हत्या के मामले में चंदन पासवान लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मामले में पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
इस संबंध में मोहनियां डीएसपी प्रदीप कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मोहनियां के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। छापेमारी दल ने मानवीय आसूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या मामले में फरार चल रहे चंदन पासवान को गिरफ्तार किया।
डीएसपी ने बताया कि हलीम गद्दी की हत्या के बाद मृतक के परिजनों द्वारा मोहनियां थाना में 19 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अब तक इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं टॉप-10 अपराधी की गिरफ्तारी से मोहनियां क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।