न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
टीएनबी कॉलेज में छात्र-छात्राओं की मूलभूत समस्याओं को लेकर आज छात्र राष्ट्रीय जनता दल (छात्र राजद) के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कॉलेज अध्यक्ष देव सूरज के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधि मंडल ने प्रधानाचार्य महोदय को एक लिखित ज्ञापन सौंपा, जिसमें कॉलेज और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें शामिल थीं:
सभी पुरुष और महिला छात्रावासों की जर्जर स्थिति की शीघ्र मरम्मत।
पूरे कॉलेज कैंपस और छात्रावास परिसर में समुचित लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करना।
छात्र-छात्राओं के लिए शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
इस अवसर पर छात्र राजद के नेता आनंद राज ने कहा कि “कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो छात्रों का शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा। हमारा उद्देश्य केवल छात्रों के हित में शांतिपूर्ण और सकारात्मक तरीके से प्रशासन को समस्याओं की ओर ध्यान दिलाना है।”
प्रधानाचार्य महोदय ने इस अवसर पर आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र विचार कर उचित कार्रवाई की जाएगी। छात्र राजद ने उम्मीद जताई है कि कॉलेज प्रशासन जल्द ही आवश्यक कदम उठाकर छात्रावास और कैंपस की स्थिति सुधारने में पहल करेगा।
यह पहल छात्रों के अधिकारों और उनके सुरक्षित व सुगम शैक्षणिक वातावरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।

































