तेज रफ्तार का कहर: आमने-सामने बाइक भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत,दो गंभीर घायल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सुपौल – किशनपुर सड़क मार्ग में नेमनमा पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक काफी तेज गति में थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के राजपुर वार्ड 01 निवासी रामचन्द्र मंडल के 22 वर्षीय पुत्र बिक्की कुमार एवं बैद्यनाथ साह के 23 वर्षीय पुत्र ब्रजेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य मृत युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी।
गंभीर रूप से घायल युवकों में राजपुर वार्ड एक निवासी शिवचंद्र मंडल के 24 वर्षीय पुत्र मणिभूषण मंडल शामिल हैं। एक अन्य घायल युवक की पहचान भी अब तक नहीं हो सकी है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पल की लापरवाही और तेज रफ्तार ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस लाश को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।