सहरसा राजकीय पॉलिटेक्निक काॅलेज के 3 छात्रों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, सहरसा

राज्य प्रावैधिक शिक्षा परिषद, बिहार, पटना द्वारा आयोजित डिप्लोमा पाठ्यक्रम (2022 बैच) के सभी सेमेस्टर की पूर्ण समापन परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए हैं। राज्य स्तर पर घोषित टॉपर सूची में राजकीय पोलिटेक्निक, सहरसा के तीन छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रौशन किया है।

इन छात्रों में कुबेर कुमार झा (सिविल इंजीनियरिंग) – राज्य स्तर पर प्रथम स्थान 89.11%, निशांत कुमार (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) – राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान 88.18%, अंश राज (यांत्रिकी इंजीनियरिंग) – राज्य स्तर पर तृतीय स्थान 86.18% शामिल हैं।

ये छात्र अपनी उत्कृष्ट सफलता के लिए आगामी राज्यस्तरीय समारोह में सम्मानित किए जाएंगे। इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे छात्रों ने न केवल संस्थान बल्कि सहरसा जिले का नाम रोशन किया है। यह मेहनत, लगन और संकल्प का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे छात्र लगातार राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।”

प्राचार्य ने यह भी बताया कि इस सफलता में सभी विभागाध्यक्षों, व्याख्याताओं और स्टाफ का मार्गदर्शन भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी संकाय सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी और आशा जताई कि आने वाले समय में और भी छात्र-छात्राएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का नाम रौशन करेंगे।