तीन दिवसीय पासपोर्ट मोबाइल कैंप का डीएम ने किया उद्घाटन, लोगों को मिली बड़ी राहत

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

कैमूर जिले के समाहरणालय परिसर, भभुआ में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप का उद्घाटन जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने किया। इस पहल से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें अब पासपोर्ट बनवाने के लिए पटना या गया नहीं जाना पड़ेगा।
कैंप की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 10 और 11 फरवरी के लिए सभी अपॉइंटमेंट पहले ही फुल हो चुके हैं, जबकि 12 फरवरी के लिए अभी स्लॉट उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उद्घाटन के दौरान जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने कहा कि यह आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभाग की एक सार्थक पहल है। लोगों की बढ़ती जागरूकता को देखते हुए प्रयास किया जाएगा कि भविष्य में भी ऐसे पासपोर्ट मोबाइल कैंप नियमित रूप से लगाए जाएं। इसके लिए संबंधित विभाग से समन्वय किया जाएगा।
कैंप में पासपोर्ट बनवाने पहुंचीं डॉ. सीमा ने बताया कि यहां व्यवस्था काफी बेहतर है और सभी का सहयोग मिल रहा है। पहले पासपोर्ट के लिए पटना या गया जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। अब यही सुविधा जिले में मिलना बेहद सराहनीय कदम है।
वहीं पासपोर्ट कार्यालय, पटना से आए मोहम्मद रियाज नाजमी ने बताया कि इस तीन दिवसीय कैंप में कुल 165 पासपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। लोग पहले से ही अपॉइंटमेंट बुक करा रहे हैं और बड़ी संख्या में लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे समय पर पहुंचकर इस सुविधा का पूरा लाभ लें।
बबूरा गांव के एक युवक ने बताया कि उन्होंने पहली बार पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है और यहां का अनुभव बेहद अच्छा रहा। सारी प्रक्रिया आसान और सुचारू तरीके से पूरी हुई।
जिला प्रशासन के अनुसार यह पासपोर्ट सेवा मोबाइल कैंप 10, 11 और 12 फरवरी तक कैमूर जिले में संचालित रहेगा। 10 और 11 फरवरी के सभी स्लॉट फुल होने से साफ है कि लोग पासपोर्ट बनवाने को लेकर काफी जागरूक हो चुके हैं।