न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
अररिया कॉलेज स्टेडियम में तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार से शुरू हुआ।जिसका शुभारंभ डीएम अनिल कुमार ने किया।जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता पर स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर उपस्थित लोगों से निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है और इसमें प्रत्येक मतदाता का योगदान आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम परिसर में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। जिसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपस्थित पदाधिकारियों के साथ छात्र-छात्राएं, शिक्षक और खेल प्रेमियों ने इस सेल्फी प्वाइंट में उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। युवा वर्ग में इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला स्वीप आइकन गायक अमर आनंद, गायिका प्रिया राज एवं गायक एम ए सानू ने अपने जागरूकता गीतों के माध्यम से लोगों को मताधिकार के महत्व से अवगत कराया और आगामी 11 नवंबर को लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
मौके पर जिला खेल पदाधिकारी समेत जिले के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अररिया कॉलेज स्टेडियम में तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू,मतदान की अपील
































