न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगछिया प्रखंड में जिला प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। सभी बच्चों को आगे की देखरेख और पुनर्वास के लिए बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है।
जिला स्तरीय गठित धावा दल ने नवगछिया के जीरो माइल चौक स्थित प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। इस दौरान बाबा विश्वनाथ मिष्ठान भंडार से दो बाल श्रमिक हिटलर कुमार और दिलवर कुमार को मुक्त कराया गया। वहीं जगदम्बा मिष्ठान से एक अन्य बाल श्रमिक गोलू कुमार को भी विमुक्त कराया गया।
कार्रवाई के बाद तीनों बच्चों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बाल कल्याण समिति, भागलपुर के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उनकी आगे की देखभाल और पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
यह अभियान श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नवगछिया अनिता कुमारी के नेतृत्व में चलाया गया। धावा दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रंगरा चौक राजेश कुमार सिन्हा, खरीक के परितोष कुमार सिंह, नारायणपुर के प्रभाशीष और बिहपुर के मनोहर कुमार शामिल थे। कार्रवाई के दौरान नवगछिया थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
धावा दल के सदस्यों ने इस दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों को जागरूक करते हुए बताया कि बाल श्रम कानूनन अपराध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों से काम न कराएं और यदि कहीं बाल श्रम होता दिखे तो इसकी सूचना प्रशासन को दें।
नवगछिया में बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई, तीन बाल श्रमिक कराए गए मुक्त
































