शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान ‘द क्वालीफायर इंस्टीट्यूट’ (The Qualifier Institute) द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह 2026’ का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस समारोह में कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले लगभग 50 शिक्षकों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
द क्वालीफायर कोचिंग संस्थान कोसी क्षेत्र में शिक्षा जगत में बच्चों के बेहतर मार्गदर्शन के लिए जाना जाता है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संस्थान के निदेशक डॉ. आदित्य केजरीवाल द्वारा की गई ‘TechME 20’ की घोषणा रही। सुपर-30 की तर्ज पर शुरू की गई इस विशेष पहल का उद्देश्य कोसी क्षेत्र के अत्यंत प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को टेक्नोलॉजी और मेडिकल की परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।
निःशुल्क होगी पढ़ाई, रहना और खाना
‘TechME 20’ (Tech = Technology, ME = Medical) के तहत चयनित 20 विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से पूरी तरह से निःशुल्क शिक्षा, भोजन और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. केजरीवाल ने बताया कि इस योजना के लिए अब तक 6 विद्यार्थियों का चयन हो चुका है, जबकि शेष 14 सीटों के लिए आगामी प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से चयन किया जाएगा।
‘तलाश’ स्कॉलरशिप से मिलेगा मौका
इन मेधावी छात्रों के चयन का मुख्य आधार पिछले 8 वर्षों से आयोजित हो रही ‘तलाश स्कॉलरशिप परीक्षा’ होगी। यह परीक्षा पूरे कोसी क्षेत्र में आयोजित की जाती है, जिसका उद्देश्य गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं को मुख्यधारा में लाना है। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों ने इस पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और इसे कोसी क्षेत्र के शैक्षणिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
































